मुक्तसर में ड्यूटी के दौरान पुलिस कांस्टेबल की मौत, आलू से लदे वाहन ने मारी टक्कर
-मलोट के पक्की टिब्बी नाके पर हुआ हादसा, बठिंडा में इलाज के दौरान तोड़ा दम-पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
श्री मुक्तसर साहिब, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के मलोट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए एक पुलिस कांस्टेबल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 37 वर्षीय चंदन पांडे के रूप में हुई है। वह कबरवाला थाने में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, चंदन पांडे शुक्रवार रात मलोट तहसील के पक्की टिब्बी नाके पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान आलू से लदे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए बठिंडा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कबरवाला थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण यादव ने बताया कि चंदन पांडे मलोट के रहने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने हादसे के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों की जांच जारी है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

