home page

पहली बार अपने सांसद से रूबरू हुए खडूर साहिब के लोग

 | 
पहली बार अपने सांसद से रूबरू हुए खडूर साहिब के लोग


-रात से ही गांव में जुटने शुरू हो गए थे कट्टरपंथी सांसद के समर्थक-पंजाब के कई विधानसभा हलको में प्रत्याशी उतार चुकी है सांसद की पार्टी-23 अप्रैल 2023 के बाद पहली बार आए पंजाब

चंडीगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र के जिन लोगों ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अमृतपाल सिंह को देश की सबसे बड़ी पंचायत का प्रतिनिधि चुनकर संसद भेजा था, वे शनिवार को पहली बार अपने सांसद से रूबरू हुए। हालांकि, अदालत की शर्तों के चलते अमृतपाल आम लोगों से न तो मिल सके और न ही उनसे बातचीत कर सके। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों से उन्होंने केवल नजरें मिलाकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

अमृतसर में हुई हिंसा के बाद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को 23 अप्रैल 2023 को गिरफ्तार किया गया था। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्हें पंजाब से बाहर असम की डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। जेल में रहते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा और खडूर साहिब सीट से जीत दर्ज की।

गिरफ्तारी के करीब तीन साल छह महीने 28 दिन बाद अमृतपाल शनिवार को अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचे। उनके गांव आने की सूचना मिलते ही शुक्रवार रात से ही समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए गांव पहुंचे।

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमृतपाल की राज्य में मौजूदगी को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल खडूर साहिब और फरीदकोट लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े सांसद कर रहे हैं। अमृतपाल की अनुपस्थिति के बावजूद उनके नेतृत्व वाला राजनीतिक संगठन 'वारिस पंजाब दे' राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर चुका है। संगठन की ओर से कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी की जा चुकी है।

शनिवार को आयोजित शोक सभा में चरण कौर को श्रद्धांजलि देने के लिए भी लोग पहुंचे थे, लेकिन युवाओं सहित बड़ी संख्या में मौजूद लोगों में अमृतपाल को देखने का उत्साह विशेष रूप से दिखाई दिया। उनकी एक झलक पाने के लिए समर्थक घंटों इंतजार करते रहे।

अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले संगठन की चुनावी सक्रियता को पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। इसका असर राज्य में शिरोमणि अकाली दल सहित अन्य राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा