home page

पंजाब विधानसभा में उठाएंगे झोटा की हत्या का मुद्दा : प्रताप बाजवा

 | 

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मौत का मामला 22 अक्टूबर को शुरू होने वाले विधानसभा के सत्र में उठाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से प्रदेश के मौजूदा हालात की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग करेंगे।

बुधवार को पंजाब के बठिंडा में पत्रकारों से बातचीत में बाजवा ने कहा कि गुरुवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में भी मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। बाजवा ने झोटा की हत्या को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पुलिस के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है।

इसके बावजूद भाजपा और आप मिलकर राजनीतिक खेल खेल रही हैं। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि ये नशे के खात्मे को लेकर गंभीर नहीं हैं। दोनों पार्टियां नशे के मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही हैं।

बाजवा ने आरोप लगाया कि पिछले पौने पांच साल में पंजाब में नशे के कारण हजारों युवाओं की मौत हो चुकी है। इसके लिए मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खात्मे के बड़े-बड़े दावे करती रही, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदले। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टरों का बोलबाला है। गैंगस्टरों को न केवल चुनावों में इस्तेमाल किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आगे भी बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के बढ़ते प्रभाव के कारण आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा