तरनतारन में सब इंस्पेक्टर नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार
चंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने अपने ही विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। राज्य के सीमावर्ती जिला तरनतारन में तैनात एसआई साहिब सिंह के पास से तीन सौ ग्राम हेरोइन तथा ड्रग मनी बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि उक्त सब इंस्पेक्टर कथित तौर पर अपनी वर्दी का दुरुपयोग करते हुए नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है। इसी सूचना के आधार पर एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतापन सिंह की अगुआई में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने जांच की कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान करीब 300 ग्राम हेरोइन और कथित ड्रग मनी की बरामदगी तरनतारन जिले के गांव मजूपुर के निवासी साहिब सिंह से जुड़े झबाल के पास स्थित एक अहाते से हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने साहिब सिंह को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। आरोप है कि एसआई पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को पंजाब सहित अन्य राज्यों में भेजने में मदद करता था। पंजाब पुलिस की तरफ से इस संबंध में अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

