पंजाब में एसआईआर पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित, सात लाख 97 हजार मतदाता बढ़े
- सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां सीईओ पंजाब ने राजनीतिक दलों को सौंपी
चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अंतिम मतदाता सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों और बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध हैं। ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की सरकारी वेबसाइट और नागरिक सेवा पोर्टल से भी डाउनलोड की जा सकती हैं। सीईओ ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियों की हार्ड कॉपियाँ और सॉफ्ट कॉपियां सौंप दीं।
पंजाब में नौ जून तक कुल 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें 1,11,76,866 पुरुष, 1,02,83,478 महिला और 699 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। घर-घर जाकर विवरण दर्ज करने के चरण (25 जून से 3 अगस्त 2026) के दौरान बीएलओ ने पंजीकृत मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित और एकत्र किए। मसौदा मतदाता सूची 13 अगस्त को प्रकाशित की गई थी, जिसमें कुल 1,93,94,435 मतदाता थे। दावे और आपत्ति दर्ज कराने के समय के दौरान सक्रिय भागीदारी के लिए राज्य भर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मसौदा मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गई थीं।
दावे और आपत्ति दर्ज करने की अवधि (13 अगस्त से 12 सितंबर) के दौरान नागरिकों को मसौदा मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच करने और आवश्यकता पड़ने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नोटिस चरण/दावों और आपत्तियों के निपटारे (13 अगस्त से 8 अक्टूबर) के दौरान अन-मैप्ड मतदाताओं और त्रुटियों वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। गांव स्तर पर ईआरओ/एईआरओ ने सुनवाई की और दस्तावेजों तथा बीएलओ की रिपोर्टों की जांच के उपरांत निर्णय लिए। अब मसौदा सूची के कुल 1,93,94,435 मतदाताओं की तुलना में अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढक़र 2,01,00,727 हो गई है, जो 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
अंतिम सूची के कुल 2,01,00,727 मतदाताओं में 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिला और 506 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सेवा मतदाताओं से संबंधित विशेष सारांश पुनरीक्षण की अंतिम मतदाता सूची (योग्यता तिथि 01 अक्टूबर के आधार पर) भी आज प्रकाशित कर दी गई है। मतदाताओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए सभी जिलों में पोलिंग स्टेशनों का रैशनलाइजेशन किया गया, जिससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या 24,453 से बढक़र 25,332 हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

