झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब के कई शहरों में प्रदर्शन
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में रविवार को राज्य के कई शहरों में विभिन्न संगठनों ने सरकार के विरूद्ध प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह को जलाया। पंजाब के मानसा, लुधियाना, बठिंडा और तरनतारन में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने झाड़ू जलाकर प्रदर्शन किया।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सभरां ने कहा कि पंजाब के लोगों ने बड़े चाव से झाड़ू वाली सरकार बनाई थी, लेकिन अब लोग सरकार के काम पर सवाल उठा रहे हैं। 13 अक्टूबर को परविंदर सिंह झोटा की केमिस्ट अश्विनी कुमार ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। अभी तक झोटा का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। परिवार सीएम और डीजीपी के इस्तीफे पर अड़ा हुआ है।
हालांकि, एसआईटी का कहना है कि 11 मांगें ली गई हैं। झोटा के पिता भीम सिंह ने मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि झोटा की हत्या में पुलिस की भी मिलीभगत हो सकती है। इसलिए एसएसपी को तुरंत यहां से ट्रांसफर किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

