home page

फाजिल्का में थाने का मुंशी नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार, चौकी प्रभारी व मुंशी निलंबित

 | 

चंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के सीमावर्ती जिला फाजिल्का के पुलिस थाने में तैनात एक मुंशी को हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फाजिल्का जिला के जलालाबाद क्षेत्र में इस कार्रवाई को मुक्तसर साहिब पुलिस ने अंजाम दिया है। इस गंभीर मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए सीनियर पुलिस अधिकारियों ने चौकी इंचार्ज और मुंशी दोनों को सस्पेंड कर दिया है।

डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि बीते दिन श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाया गया। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार कुछ लोगों को हिरासत में लिया। जब कार की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम के होश उड़ गए। कार सवारों के कब्जे से 280 ग्राम हेरोइन और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पकड़े गए आरोपियों की पहचान हुई। कार में सवार तस्करों के साथ जलालाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी घुबाया का मुंशी जोगिंदर सिंह भी मौजूद था। मुंशी की सीधी संलिप्तता पाए जाने के बाद श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

मुंशी जोगिंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद जब उच्च अधिकारियों ने मामले की गहराई से तफ्तीश की, तो इसमें चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठे। लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के चलते चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह को भी इस मामले में नामजद कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने चौकी इंचार्ज और मुंशी दोनों को निलंबित कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा