पंजाब में पुलिस प्रतिष्ठान पर हमले की साजिश नाकाम, अमृतसर में आईईडी बरामद
- बम डिस्पोजल स्क्वायड ने विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय किया
चंडीगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार व रविवार की मध्यरात्रि को विस्फोटक सामग्री की बरामदगी करके एक पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की आतंकवादी साजिश को नाकाम कर दिया है। मोम से लिपटे एक पैकेट में 690 ग्राम वजन वाला एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स था। इस विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार संभाला गया और बम डिस्पोजल स्क्वायड ने निष्क्रिय कर दिया।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने देश विरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे को टाल दिया है। डीजीपी ने कहा कि इस साजिश को रचने वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चेकिंग प्वाइंट्स पर पहले ही जांच तेज कर दी गई थी और सरकारी संस्थानों पर भी करीबी नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि 15-16 अगस्त की रात को जब एएसआई कुलबीर सिंह रात के समय गश्त कर रहे थे, तो पुलिस चौकी गग्गोमाहल के अधिकार क्षेत्र में एक संदिग्ध काले रंग का मोम से लिपटा पैकेट मिला। उन्होंने बताया कि जांच करने पर इसमें संदिग्ध आईईडी के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, एक बैटरी, एक टाइमर और एक लोहे का डिब्बा पाया गया। एसएसपी ने बताया कि मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वायड को बुलाया गया और विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित ढंग से नष्ट कर दिया गया, जबकि बाकी बची वस्तुओं को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

