home page

सीएम भगवंत मान ने पंजाब में न्यूनतम मजदूरी में 15 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया

 | 
सीएम भगवंत मान ने पंजाब में न्यूनतम मजदूरी में 15 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया


चंडीगढ़, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में न्यूनतम मजदूरी दरों में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि करने का ऐलान किया है।

विधानसभा में श्रम मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने शुक्रवार को विधानसभा में पूरे राज्य के मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी की दरों में संशोधन और वृद्धि संबंधी एक प्रस्ताव पेश किया। जिसे सत्र के दौरान सर्वसम्मति से पारित किया गया। मंत्री ने मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी की बेसिक दरों में 15 प्रतिशत की वृद्धि करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद भी किया। प्रस्ताव पेश करते हुए श्रम मंत्री ने बताया कि देश, समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले मजदूरों के बहुमूल्य योगदान को श्रद्धांजलि देने के लिए लगभग 69 वर्षों के बाद 1 मई को ऐसा ऐतिहासिक सत्र बुलाया गया है।

वर्तमान मजदूरी संरचना की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए मंत्री ने सदन को बताया कि पंजाब में न्यूनतम मजदूरी की बेसिक दरें आखिरी बार 2012 में संशोधित की गई थीं और अब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मजदूरों को यह अत्यंत आवश्यक राहत प्रदान करने का फैसला किया है। इस प्रस्ताव पर कैबिनेट मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, श्री लाल चंद कटारूचक्क, विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम, लाभ सिंह उगोके, सरवजीत कौर मानूके समेत अन्य सदस्यों ने विचार-विमर्श में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा