पंजाब में महिलाओं को एक जुलाई से मिलेगा मासिक सम्मान भत्ता:भगवंत मान
राज्य में अब तक 36 लाख महिलाओं के कार्ड बने
चंडीगढ़, 02 जून (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि राज्य में महिलाओं को एक जुलाई से मासिक सम्मान भत्ता दिया जाएगा। मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत महिलाओं को एक हजार व 1500 रुपये मासिक दिए जाएंगे। मंगलवार को भगवंत मान ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि इस योजना को लागू करने की 80 फीसदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सभी तरह की औपचारिकताएं जून माह में पूरी करके एक जुलाई से महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
योजना को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए सीएम ने कहा कि जिन महिलाओं के कार्ड नहीं बने या जुलाई में भी नहीं बन पाएंगे, उनका जब भी रजिस्ट्रेशन होगा तो उनके खाते में जुलाई से ही पैसे डाले जाएंगे। सीएम ने बताया कि अब तक राज्य में करीब 36 लाख महिलाओं के कार्ड बन चुके हैं, जबकि पंजाब में 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की संख्या लगभग 52 लाख है। राज्य सभा सांसद व पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के पैसे लेकर राज्यसभा सीट देने पर उन्होंने कहा कि अगर मैंने एक रुपया भी लिया तो वह मेरे लिए सल्फास की गोली की तरह होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

