home page

पंजाब के राज्यपाल का ऐलान, बुधवार होगा कार फ्री डे

 | 

चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर कहा है कि पेट्रोल और डीजल के कम इस्तेमाल की शुरुआत इसी कार्यालय से की जाएगी। कर्मचारी साइकिल से या परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आएंगे और बुधवार को सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

राज्यपाल ने कहा कि तय किया गया है कि लोकभवन का सारा स्टाफ बुधवार के दिन अपनी साइकिल पर ही दफ्तर आएगा। उस दिन ऑफिस में कोई भी फोर-व्हीलर (चार पहिया गाड़ी) इस्तेमाल नहीं करेगा। या तो साइकिल से आएंगे या परिवार के किसी सदस्य के साथ। चंडीगढ़ का पर्यावरण बचाना बहुत जरूरी है और यहां का रास्ता भी बिल्कुल प्लेन है, इसलिए बुजुर्गों को छोडक़र बाकी सब तो आराम से साइकिल चला ही सकते हैं। अभी हम इसकी शुरुआत अपने ऑफिस से कर रहे हैं, फिर स्कूलों में करेंगे और उसके बाद जनता को भी इसमें शामिल करेंगे।

नीट परीक्षा लीक होने पर कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि आजकल लगभग सभी राज्यों में पेपर लीक की समस्या बहुत बढ़ गई है। मैं सोचता हूं कि अब हमें पेपर करवाने के तरीके बदलने पर विचार करना चाहिए, जैसे कि ऑनलाइन परीक्षा कैसे करवाई जा सकती है, हमें नए रास्ते खोजने होंगे। लाखों बच्चों का जो नुकसान और उन्हें जो मानसिक पीड़ा होती है, उसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती। इसके लिए कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर जरूरत पड़े तो कानून में बदलाव (अमेंडमेंट) करके पेपर लीक करने वालों को आजीवन कारावास और कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि लोगों में डर पैदा हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा