home page

पंजाब पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 63,749 बैंक खाते फ्रीज किए

 | 

चंडीगढ़, 26 जून (हि.स.)। पंजाब पुलिस के राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने पिछले एक वर्ष में साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 63,749 बैंक खाते फ्रीज किए हैं, जिनमें लगभग 540.34 करोड़ रुपये के लेन-देन शामिल थे।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक करीब 64 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए हैं, जिनमें से लगभग 38.42 करोड़ रुपये की रिकवरी एक जनवरी 2025 के बाद की गई है। इसी अवधि में राज्य में 62,253 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए। पिछले वित्तीय वर्ष में धोखाधड़ी से जुड़ी राशि को फ्रीज करने की दर 16.13 प्रतिशत से बढ़कर 23.43 प्रतिशत हो गई, जो वित्तीय रिकवरी में महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाती है।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी गिरोह के खिलाफ बड़े स्तर पर की गई कार्रवाई से न केवल हजारों बैंक खाते फ्रीज हुए हैं और ठगी गई राशि वापस मिली है, बल्कि देशभर में सक्रिय संगठित साइबर अपराध नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों, वित्तीय लेन-देन और अंतरराज्यीय संबंधों की पहचान करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। समय पर कार्रवाई और आधुनिक तकनीक के उपयोग से साइबर क्राइम डिवीजन ने धोखाधड़ी नेटवर्क को कमजोर किया है, नागरिकों की बचत की सुरक्षा की है तथा यह सुनिश्चित किया है कि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।

जिलों में जालंधर कमिश्नरेट में सबसे अधिक 16,032 बैंक खाते फ्रीज किए गए, जिससे 6,81,00,323 रुपये की रिकवरी हुई। इसके बाद कपूरथला में 7,344 खाते फ्रीज कर 2,56,00,037 रुपये, होशियारपुर में 7,201 खाते फ्रीज कर 3,96,29,152 रुपये, जबकि फिरोजपुर में 6,930 खाते फ्रीज कर 93,16,954 रुपये की रिकवरी की गई।

इसी प्रकार तरनतारन में 5,229 खाते फ्रीज किए गए, जिससे 6,97,65,710 रुपये की रिकवरी हुई। जालंधर देहात में 4,475 खाते फ्रीज कर 55,94,632 रुपये की रिकवरी की गई। इसके अलावा संगरूर में 1,760 तथा फतेहगढ़ साहिब में 2,685 बैंक खाते फ्रीज किए गए। एक बड़ी सफलता के तहत कनाडा में रहने वाले एक पंजाबी नागरिक से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामले का पर्दाफाश किया गया, जिसमें सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग की जा रही थी। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम डिवीजन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 3,49,100 रुपये और 500 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। पुलिस ने 29 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक डोंगल, एक टैबलेट तथा 38 खाली मोबाइल बॉक्स भी जब्त किए। यह मामला हाल के कई सफल अभियानों में से एक है।

उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया है। इस दौरान राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने 129 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें मानसा में 50, श्री मुक्तसर साहिब में 44, लुधियाना में 31, होशियारपुर में 27, जालंधर में 25, खन्ना में 23 तथा बठिंडा में 19 कार्यक्रम शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा