home page

अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच आरोपित गिरफ्तार


चंडीगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 पिस्तौल, 3.267 किलोग्राम हेरोइन और 22 कारतूस बरामद किए हैं।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपितों को हथियार और हेरोइन कहां से उपलब्ध कराई जाती थी।

इस संबंध में अमृतसर के थाना डी-डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस बरामद हथियारों और मादक पदार्थों के स्रोत तथा सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगा रही हैं कि इस नेटवर्क में विदेश में बैठे किसी हैंडलर की भूमिका है या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा