home page

पंजाब कांग्रेस में नई नियुक्तियों के बाद घमासान तेज, पूर्व सीएम चन्नी ने किया शक्ति प्रदर्शन

 | 

- दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिले सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा

चंडीगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस में नई नियुक्तियों के बाद बगावत तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस में पूरा दिन घमासान मचा रहा। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अचानक दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की, तो पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद को दलित नेता के रूप में उभारते हुए शक्ति प्रदर्शन किया।

कांग्रेस हाईकमान ने हाल ही में प्रदेश में कई नियुक्तियां की हैं। अटकलों के बावजूद अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग को प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रताप बाजवा को नेता प्रतिपक्ष के पद से नहीं हटाया गया है। चरणजीत सिंह चन्नी खुद को प्रदेश अध्यक्ष अथवा मुख्यमंत्री फेस घोषित करने के लिए दबाव बनाए हुए हैं। नाराज पूर्व सीएम और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने घर मोरिंडा में कांग्रेस नेताओं के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। इसमें 3 मौजूदा विधायक समेत 50 नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा ने कहा कि सभी ने चन्नी से कहा कि वो हाईकमान से बात करें। वो चाहते हैं पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने। हाईकमान से कोई लड़ाई नहीं है। जो फैसला लिया गया है उससे नाराजगी है। वडि़ंग प्रधान मंजूरी नहीं। हाईकमान इस फैसले को दोबारा विचार करें।

गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान वे भाजपा के राज्यसभा सांसद तरूण चुघ के साथ नजर आए। शाह से मिलने के बाद रंधावा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के हालात के बारे में चन्नी व राजा वडिंग से पूछें। इतनी मीटिंग करने के बाद भी यह स्थिति आ गई, दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अमित शाह से मुलाकात पहले से ही तय थी। वह अपने सीमावर्ती क्षेत्र की समस्याओं पर गृहमंत्री से बात करना चाहते थे।

चन्नी के बुलावे पर तृप्त राजिंदर बाजवा, बरनाला के विधायक काला ढिल्लों, कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत, पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू, गुरकीरत कोटली, पूर्व गुरप्रीत कांगड़, नाजर सिंह मानशाहिया, पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी, दविंदर सिंह घुबाया, इंद्रबीर सिंह बुलारिया, लखबीर लक्खा, तरसेम डीसी, दर्शन बराड़, हरमिंदर सिंह गिल, मदनलाल जलालपुर समेत कई नेता पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा