पंजाब में भाजपा ने चलाया विधानसभा का समानांतर सत्र, जनता की विधानसभा में नेताओं ने उठाए मुद्दे
चंडीगढ़, 01 मई (हि.स.)। पंजाब सरकार ने मजदूर दिवस पर शुक्रवार को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित
किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के विधायक इस सत्र में शामिल नहीं हुए और चंडीगढ़ स्थित पंजाब मुख्यालय में समानांतर सत्र का आयोजन किया।
पूर्व उपाध्यक्ष
चरणजीत अटवाल ने इस प्रतीकात्मक कार्यवाही की अध्यक्षता की। जनता की
विधानसभा में पार्टी के नेताओं ने पंजाब तथा अपने-अपने क्षेत्रों की
समस्याओं को उठाया। इस प्रतीकात्मक सत्र का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष
सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने किया। सत्र में पार्टी
के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ,राज्य सभा सांसद विक्रम साहनी, विजय सांपला और
तीक्ष्ण सूद जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
जाखड़ ने पंजाब में नशीले
पदार्थों के दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने मौजूदा सरकार के कार्यकाल में नशीले
पदार्थों से संबंधित 1,600 से अधिक मौतों के दावों का
ज़िक्र किया और प्रभावित परिवारों के कई व्यक्तिगत मामले भी साझा किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

