भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री को भेजा मानहानि का नोटिस
चंडीगढ़, 07 मई (हि.स.)। पंजाब में हुए बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के भाजपा के संबंध में बयान दिए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरूण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मानहानि का नोटिस जारी किया है।
पंजाब के जालंधर व अमृतसर में पांच अप्रैल की रात दो बम धमाके हुए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 6 अप्रैल को कहा था कि यह धमाके भाजपा ने कराए हैं। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने यह नोटिस भेजा। उन्होंने सारे प्लेटफॉर्म से बयान हटा 7 दिन में माफी मांगने को कहा है।
तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का कल का बयान बेहद अनुचित, बेतुका और आपराधिक मानसिकता से भरा था। अपराधियों को पकडऩे के बजाय पंजाब के मुख्यमंत्री ने इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। इस बीच गुरुवार को शुक्राना यात्रा लेकर जालंधर पहुंचे भगवंत मान ने फिर से कहा कि जालंधर व अमृतसर में जो छोटे-मोटे ब्लास्ट हुए हैं, वो बीजेपी की एंट्री के संकेत हैं। ये जहां भी जाते हैं, वहां लड़ाई करवाते हैं। ये हिंदू सिख को लड़ाना चाहते हैं, लेकिन हम नहीं लड़ते।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

