पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर की अकाली दल में वापसी
- पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने बेगोवाल में जाकर किया पार्टी में शामिल
चंडीगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। पंजाब की पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर रविवार को फिर से शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गई। पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने उन्हें बेगोवाल में जाकर अकाली दल में शामिल करवाया।
बीबी जागीर कौर अकाली दल से अलग होकर एसजीपीसी का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। पार्टी में वापसी पर सुखबीर बादल ने बीबी जागीर कौर को भुल्लथ विधानसभा हलका से पार्टी का हलका इंचार्ज नियुक्त करने की घोषणा की।
इस अवसर पर सुखबीर बादल ने कहा कि आज पंजाब की स्थिति बेहद नाजुक है, क्योंकि नशे का खतरा और गैंगस्टर कल्चर ने सभी सीमाओं को पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक नशे के तस्करों से मासिक लेकर उनका संरक्षण कर रहे हैं। अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि आटा-दाल योजना, शगुन योजना, बुढ़ापा पेंशन या अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना बादल साहिब ने ही शुरू की थी। उन्होंने कहा कि न तो कांग्रेस और न ही मौजूदा आम आदमी पार्टी ने राज्य के लिए कुछ किया है।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने तीर्थ योजना के तहत इस्तेमाल होने वाली बसों का ठेका दिल्ली के एक ठेकेदार को देने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी निंदा की, जो जर्जर बसों का इस्तेमाल कर रहा था। उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य बताया।
वरिष्ठ नेता बीबी जागीर कौर ने इस अवसर पर कहा कि भुल्लथ में सभी विकास कार्य, चाहे वह सब-डिवीजन का निर्माण करना हो या 72 करोड़ रूपये के सीवरेज प्रोजेक्ट हो, सब अकाली दल के कार्यकाल में ही हुआ है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अतीत में उनसे कुछ गलतियां हुई हैं, लेकिन अब वह सरदार सुखबीर सिंह बादल के गतिशील लीडरशीप में राज्य में अकाली दल सरकार स्थापित करने के लिए कड़ी मेहनत से काम करेंगी। इस अवसर पर रजनीत कौर, युवराज भूपिंदर सिंह , सतपाल सिंह मुलतानी, सुरेंद्रपाल सिंह ठेकेदार और अरविंदर सिंह रसूलपुर भी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

