home page

शंभू धमाके पर अकाली दल व कांग्रेस ने सरकार को घेरा, पंजाब की राजनीति गरमाई

 | 

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के शंभू में बीती रात रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने आए दिन हो रहे धमाकों को लेकर सरकार को घेर लिया है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा कि शंभू के पास दिल्ली-राजपुरा रेलवे ट्रैक पर बीती रात हुए कायरतापूर्ण ब्लास्ट की कड़ी निंदा करता हूं। यह स्पष्ट है कि कुछ दिन पहले विशेष चेतावनी मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह घटना पुलिस थानों और चौकियों पर कई धमाकों और यहां तक कि राज्य खुफिया मुख्यालय पर आरपीजी हमले के बाद सामने आई है। उन्होंने लिखा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जो गृह मंत्री भी हैं, उन्हें अपनी गहरी नींद से बाहर आकर महत्वपूर्ण ढांचे की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। उनका लापरवाह रवैया पंजाब को फिर से पुराने काले दौर की ओर धकेल रहा है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

पंजाब कांग्रेस के प्रधान व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने कहा कि पंजाब आज दो चिंताजनक घटनाओं के साथ जागा है। बटाला में दो लोगों की हत्या और पटियाला जिले में राजपुरा और शंभू के बीच रेलवे ट्रैक पर बम विस्फोट। ये संकेत बेहद गंभीर हैं। पंजाब में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति अब खतरे में नजर आ रही है। आप सरकार अपने अस्तित्व को बचाने में व्यस्त है। ऐसे में यह साफ है कि असामाजिक तत्व और अपराधी इस स्थिति का फायदा उठा रहे हैं। हम लगातार राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को चेतावनी देते रहे हैं। दुर्भाग्य से सरकार की प्राथमिकताएं लोगों की जान और माल की सुरक्षा के बजाय अपने अस्तित्व तक सीमित नजर आ रही हैं। अपराधियों और साजिशकर्ताओं पर नजर रखने के बजाय आम आदमी पार्टी की सरकार अपने ही विधायकों पर नजर रखने में व्यस्त दिख रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा