अकाल तख्त साहिब से राज कुंद्रा की फिल्म को मंजूरी नहीं
-सोशल मीडिया पर हो रहे प्रचार को बताया भ्रामक
चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता एवं निर्माता-निर्देशक राज कुंद्रा की फिल्म को लेकर उठे विवाद के बीच श्री अकाल तख्त साहिब ने स्पष्ट किया है कि उसके जत्थेदार की ओर से फिल्म को किसी प्रकार की सहमति या मंजूरी नहीं दी गई है। अकाल तख्त साहिब ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर किए जा रहे दावों को गलत और भ्रामक बताया है।
अकाल तख्त साहिब के सचिवालय के प्रभारी बगीचा सिंह ने बताया कि राज कुंद्रा कुछ समय पहले जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज से मिलने सचिवालय आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रस्तावित फिल्म के संबंध में विचार रखे थे। जत्थेदार ने उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनी थी, लेकिन फिल्म को लेकर कोई मंजूरी नहीं दी थी। मुलाकात के दौरान राज कुंद्रा को 28 दिसंबर 2025 को पांच सिंह साहिबान की ओर से जारी आदेश की प्रति भी सौंपी गई थी।
इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सिख गुरुओं, उनके परिवार के सदस्यों, प्राचीन सिख योद्धाओं और शहीदों की नकल करते हुए फिल्में, एनिमेशन या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वीडियो नहीं बनाए जा सकते। सिख इतिहास के विभिन्न पहलुओं को लेकर इस तरह की प्रस्तुतियों पर रोक लगाई गई है।
आदेश में कहा गया है कि मौजूदा तकनीकी दौर में सिख पहचान, परंपराओं, सिद्धांतों और दर्शन के समक्ष बड़ी चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे में पुरानी परंपराओं और साखी परंपरा के साथ गुरुद्वारों तथा सिख संस्थाओं के माध्यम से धार्मिक प्रचार की व्यवस्था को बनाए रखना जरूरी है।
बगीचा सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ अनधिकृत अकाउंट्स के माध्यम से जत्थेदार की ओर से फिल्म को मंजूरी दिए जाने की बात फैलाई जा रही है। ऐसी पोस्ट पूरी तरह गलत हैं। इन पोस्ट की पहचान कर संबंधित अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

