पटियाला में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर निगला, दो की मौत
चंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के पटियाला में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार शहर की ऑफिसर कॉलोनी में रहने वाले विकास बातिश, उनकी पत्नी तमन्ना बातिश, बेटी खुशी बातिश और बेटा कनव बातिश ने बीती रात जहर निगल लिया। इसके बाद अचानक उनकी तबियत बिगडऩे लगी। इसके बाद लोगों ने उन्हें राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया। यहां पर इलाज के बाद भी विकास बातिश और बेटी खुशी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और दोनों की मौत हो गई। हालांकि, पत्नी तमन्ना और बेटा कनव का अभी इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है, डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। घटना की सूचना बुधवार रात को अस्पताल से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे जांच की। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सिंगला ने कहा कि अन्य साक्ष्यों भी पुलिस जुटा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किन हालात में हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

