पठानकोट में टारगेट किलिंग की कोशिश, दुबई से लौटे दो व्यक्ति दो पिस्तौल समेत गिरफ्तार
- विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर वारदात को अंजाम देने के लिए हाल ही में दुबई से लौटे थे
चंडीगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) पठानकोट ने विदेश में बैठे एक व्यक्ति द्वारा रची गई टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम करते हुए उसके दो गुर्गों को दो आधुनिक .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि रविंदर सिंह उर्फ ढिल्लों निवासी ढिलवां, बटाला और जशनप्रीत सिंह निवासी गांव बल्ल, गुरदासपुर को गिरफ्तार किया गया है। पिस्तौल बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपित विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम को अंजाम देने के लिए हाल ही में दुबई से लौटे थे।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए एआईजी सीआई पठानकोट सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति टारगेट किलिंग को अंजाम देने के लिए गुरदासपुर से बटाला की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआई पठानकोट की टीमों ने इलाके की घेराबंदी की, जिसके परिणामस्वरूप रविंदर सिंह उर्फ ढिल्लों और जशनप्रीत सिंह को गुरदासपुर के बाहरी इलाके से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

