पठानकोट में 200 फीट ऊंचे बिजली के पोल पर चढ़े दो बुजुर्ग, मांगें पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार
पठानकोट, 25 अगस्त (हि.स.)। पठानकोट में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो बुजुर्ग हाई वोल्टेज बिजली के करीब 200 फीट ऊंचे पोल पर चढ़ गए। दोनों बुजुर्गों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता, वे नीचे नहीं उतरेंगे।
मामले की सूचना मिलते ही मौके पर संघर्ष कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। फिलहाल कोई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डैम बैराज औसती संघर्ष कमेटी जैनी जुगियाल के सदस्य कुलविंदर सिंह (81) और शर्म सिंह (85) पठानकोट के डिप्टी कमिश्नर की रिहाइश के पास स्थित बिजली के खंभे पर चढ़े हैं। संघर्ष कमेटी के सदस्यों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि हर बार प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन बाद में मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
कमेटी सदस्यों का कहना है कि इसी वजह से मजबूर होकर दोनों बुजुर्गों ने यह कदम उठाया है। प्रशासन अब दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने और उनकी मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

