परविंदर सिंह झोटा की हत्या के शोक में मानसा में इस बार नहीं मनाया जाएगा दशहरा
- नई दशहरा कमेटी का फैसला, तैयारियों पर खर्च हो चुके हैं करीब 3 लाख रुपये
मानसा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद पैदा हुए हालात और शोक के चलते मानसा में इस साल दशहरा उत्सव नहीं मनाया जाएगा। नई दशहरा कमेटी ने इस बार समारोह रद्द करने का फैसला लिया है। उधर, झोटा की हत्या के विरोध में मानसा शहर में लगातार तीसरे दिन बंद का माहौल बना हुआ है।
नई दशहरा कमेटी के अध्यक्ष परवीन कुमार गोयल ने बताया कि शहर के मौजूदा हालात और परविंदर सिंह झोटा की हत्या के दुख को देखते हुए उत्सव रद्द करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि दशहरा समारोह में हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन करना उचित नहीं है। गोयल के अनुसार प्रशासन भी मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि यदि समारोह के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है, तो आयोजकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने झोटा की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि वह नशे के खिलाफ काम कर रहे थे और किसी को परेशान नहीं करते थे।
कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि दशहरा आयोजन की तैयारियों पर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। रावण सहित अन्य पुतले भी तैयार हो चुके हैं और समारोह के लिए आवश्यक ऑर्डर दिए जा चुके थे। इसके बावजूद कमेटी ने उत्सव नहीं मनाने का फैसला किया है।
आमतौर पर मानसा में दशहरा समारोह नई अनाज मंडी में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजन के लिए सिरसा रोड पर 10 से 12 एकड़ में फैले एक निजी प्लॉट की पहचान की गई थी। हालांकि, कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि आने वाले दिनों में हालात सामान्य भी हो जाते हैं, तब भी इस बार दशहरा नहीं मनाया जाएगा। कमेटी झोटा की हत्या के शोक में यह अवसर सादगी और दुख के साथ बिताना चाहती है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

