परविंदर झोटा हत्याकांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी : सीएम मान
- मुख्यमंत्री ने डीजीपी गौरव यादव को दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के पीछे किसी भी साजिश की जांच की जाएगी और इसमें शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव को मामले की गहन जांच कर हत्या से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की साजिश में संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी वारदात नहीं होनी चाहिए थी। मान ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की नीति नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के प्रति जीरो टॉलरेंस की है।
उन्होंने कहा कि न केवल मनोदैहिक नशीले पदार्थों, बल्कि डॉक्टरों की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं की अवैध बिक्री और दुरुपयोग को रोकने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों या अटकलों के आधार पर कोई कदम नहीं उठाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की पूरी गंभीरता से जांच करेगी। साथ ही, उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
परविंदर सिंह झोटा की मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कथित तौर पर नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर झोटा और दुकान के मालिक के बीच विवाद हुआ था। घटना का वीडियो झोटा के सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव प्रसारित हुआ था। इस दौरान उसके चार साथियों के भी गोली लगने से घायल होने की खबर है।
झोटा पिछले कुछ वर्षों से मानसा और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ अभियान चला रहा था। वह कथित तौर पर प्रतिबंधित या नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के मामलों को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाता था और संदिग्ध लोगों से सीधे सवाल भी करता था।
हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

