home page

परमिंदर सिंह को इंसाफ दिलाने के लिए देश-विदेश के गुरुद्वारों में अरदास करें : जत्थेदार गड़गज्ज

 | 
परमिंदर सिंह को इंसाफ दिलाने के लिए देश-विदेश के गुरुद्वारों में अरदास करें : जत्थेदार गड़गज्ज


अमृतसर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने समूचे गुरु खालसा पंथ से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को देश-विदेश के गुरुद्वारा साहिबानों में संगत एकत्रित होकर परमिंदर सिंह के परिवार को इंसाफ दिलाने और पंजाब की युवा पीढ़ी की चढ़दी कला के लिए अरदास करे।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब में लगातार बढ़ रही नशे की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार दीमक की तरह पंजाब की नौजवानी को खोखला कर रहा है। यदि सरकारों ने मेडिकल नशे की सप्लाई चेन और सिंथेटिक नशों के नेटवर्क को समाप्त नहीं किया, तो आने वाले समय में इसके बेहद गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि परमिंदर सिंह के परिवार की न्याय की लड़ाई में अधिक से अधिक सहयोग दिया जाए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें। जत्थेदार ने कहा कि नशे की समस्या भले ही वैश्विक स्तर पर मौजूद है, लेकिन सिख गुरुओं ने हमेशा हर प्रकार के नशे से दूर रहने और गुरमत के अनुसार सच्चा एवं पवित्र जीवन जीने की शिक्षा दी है।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH