home page

परगट सिंह और सचिन पायलट ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा

 | 
परगट सिंह और सचिन पायलट ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा


परगट सिंह और सचिन पायलट ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा


परगट सिंह और सचिन पायलट ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा


अमृतसर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। दोनों नेताओं के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, मौजूदा व पूर्व विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इससे पहले अमृतसर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप और नारों के साथ उनका स्वागत किया।

परगट सिंह ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद कहा कि वह यहां किसी राजनीतिक गतिविधि के लिए नहीं, बल्कि परमात्मा का शुक्राना करने और गुरु साहिब का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी नफरत या टकराव की राजनीति में विश्वास नहीं किया। पार्टी संविधान और पंजाबियत की भावना के अनुरूप राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है। परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस में सक्षम नेताओं की कमी नहीं है और पार्टी में हर व्यक्ति के लिए योगदान देने की जगह है। खुद को टीम प्लेयर बताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब उनका लक्ष्य है और कांग्रेस उस लक्ष्य को हासिल करने का माध्यम है।

सचिन पायलट ने पंजाब के भविष्य और युवा पीढ़ी को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि राज्य में नशा और भ्रष्टाचार बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। उन्होंने इन समस्याओं से निपटने और पंजाब में विकास तथा समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई। पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने परगट सिंह को प्रदेश संगठन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें उम्मीद है कि सभी जिलों व विधानसभा क्षेत्रों के नेता उनके नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने पंजाब के देश के विकास में योगदान का उल्लेख करते हुए राज्य की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

श्री हरमंदिर साहिब के बाद परगट सिंह और सचिन पायलट के साथ कांग्रेस नेताओं का दल अमृतसर के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पहुंचा। कार्यक्रम में दुर्गियाना मंदिर, सेंट पॉल चर्च और भगवान वाल्मीकि तीर्थ सहित अन्य स्थानों पर माथा टेकने का कार्यक्रम शामिल है।

पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए नए प्रदेश नेतृत्व के इस दौरे को कांग्रेस संगठन में सामूहिकता और एकजुटता का संदेश देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, परगट सिंह ने अपने दौरे को धार्मिक यात्रा बताते हुए कहा कि इस अवसर का उद्देश्य आशीर्वाद और शुक्राना करना है। पार्टी के अनुसार, वह 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे।

-------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH