home page

पंजाब यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल में फंदे से लटका मिला छात्र का शव

 | 
पंजाब यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल में फंदे से लटका मिला छात्र का शव


चंडीगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के बॉयज हॉस्टल नंबर-4 में शनिवार देर रात एक कमरे से 22 वर्षीय छात्र का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। छात्र के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले का रहने वाला चैतन्य सिंह बीए एलएलबी के पांचवें वर्ष में पढ़ रहा था। वह था। शनिवार को चैतन्य के परिवार के लोग उसे लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 8 बजे उसके कुछ साथी छात्र उसे देखने के लिए हॉस्टल के कमरे में पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो छात्रों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर चैतन्य पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला। छात्रों और हॉस्टल सुरक्षा कर्मियों ने उसे नीचे उतारा और तुरंत एंबुलेंस की मदद से पीजीआई की इमरजेंसी में पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची। इसके बाद रात करीब पौने 11 बजे सीएफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और कमरे में मौजूद अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

चैतन्य यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट आशीष बिनोई और हॉस्टल वार्डन डॉ. नवीन कुमार के मुताबिक चैतन्य मिलनसार स्वभाव का था और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहता था। उसके साथियों और शिक्षकों के अनुसार हाल के दिनों में उसके व्यवहार से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सके कि वह किसी गंभीर परेशानी से गुजर रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, मौत के पीछे की वजह पता लगाने के लिए छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH