home page

यूरिया की कमी को लेकर पंजाब के 22 जिलों में किसानों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के फूंके पुतले

 | 
यूरिया की कमी को लेकर पंजाब के 22 जिलों में किसानों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के फूंके पुतले


चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। पंजाब में यूरिया खाद की कमी को लेकर किसानों ने सोमवार को राज्य के 22 जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया किसान मजदूर मोर्चा (एआईकेएमएम) के आह्वान पर पंजाब समेत पांच राज्यों में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत प्रदेश में करीब 74 स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित किए गए। किसानों ने विभिन्न जिलों में केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों को इस समय यूरिया खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है और निजी दुकानों तथा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को अधिक कीमतों पर खाद बेची जा रही है। पंधेर ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ खाद विक्रेता किसानों पर यूरिया देने के बदले नैनो यूरिया खरीदने का दबाव बना रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में और उचित दरों पर यूरिया उपलब्ध कराया जाए ताकि खेती के कार्य प्रभावित न हों।

किसान नेताओं ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों पर भी नाराजगी जताई और इसे खेती की लागत बढ़ाने वाला बताया।

सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि यह आंदोलन केवल यूरिया संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में किसानों की जमीनों के कथित जबरन अधिग्रहण के विरोध में भी किया जा रहा है। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का भी विरोध करते हुए इसे रद्द करने की मांग की।

यह प्रदर्शन अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, पटियाला, रूपनगर, संगरूर, नवांशहर, श्री मुक्तसर साहिब, पठानकोट और तरनतारन सहित कई जिलों में आयोजित किए गए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH