पंजाब में भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज, हर घर तक पहुंचेंगी नीतियां : ढिल्लों
चंडीगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि राज्य में नशा, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानी संकट जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव, शहर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों को हर परिवार तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब नशे, बिगड़ती कानून व्यवस्था और युवाओं के विदेश पलायन जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार इन समस्याओं का प्रभावी समाधान देने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 9 से 14 अगस्त तक पूरे पंजाब में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिलों, शहरों और गांवों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी और लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ढिल्लों ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के संबंध में चल रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा पंजाब के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर दोआबा क्षेत्र में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया के साथ बैठक हुई। इसमें खेती, युवाओं, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। ढिल्लों ने कहा कि आने वाले दिनों में हर जिले, मंडल और गांव स्तर पर संगठनात्मक टीमें और मजबूत की जाएंगी।
-----------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

