फिरोजपुर सीमा क्षेत्र में मिला पाकिस्तानी ड्रोन, बीएसएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
फिरोजपुर, 05 जून (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्र से एक और पाकिस्तानी ड्रोन बरामद हुआ है। इसके बाद बीएसएफ और पुलिस की ओर से इलाके में सख्त चौकसी बढ़ा दी गई और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
बीएसएफ के अनुसार यह ड्रोन ब्लॉक ममदोट के अंतर्गत आने वाले गांव हजारा सिंह वाला के पास एक खेत में मिला। यह स्थान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कंटीली तारबंदी से करीब 600 मीटर दूर भारतीय क्षेत्र में स्थित है। यह इलाका बीएसएफ की 158वीं बटालियन की जल्लोके चौकी के अधीन आता है।
दरअसल, गांव के मौजूदा सरपंच गुरनाम सिंह, पूर्व सरपंच रेशम सिंह और अन्य ग्रामीण सड़क को चौड़ा करने के लिए जमीन की निशानदेही कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खेत में पड़े संदिग्ध ड्रोन पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बीएसएफ और स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बीएसएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया और आसपास के खेतों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से कोई नशीला पदार्थ, हथियार या अन्य संदिग्ध सामग्री न गिराई गई हो।
बीएसएफ ने ड्रोन को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच और तकनीकी विश्लेषण के लिए भेज दिया है। अधिकारी ड्रोन की उड़ान, रूट और इसके मकसद से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगे हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

