कांग्रेस ने पंजाब के मुख्यमंत्री आवास की ओर निकाला मार्च, पुलिस ने रोका
- राजा वड़िंग ने नशे, कानून-व्यवस्था और कर्मचारियों के डीए पर सरकार को घेरा
चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में राज्यभर से आए हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन के बाहर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च शुरू किया, लेकिन भारी पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वड़िंग ने दिड़बा के गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि गुलजार सिंह ने अपने अंतिम बयान में चीमा को जिम्मेदार ठहराया था। वड़िंग ने शेरों गांव के मोहनजीत सिंह के साथ कथित पुलिस प्रताड़ना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने के कारण किसी व्यक्ति के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने एक यौन अपराध के आरोपी को कथित संरक्षण दिए जाने के मामले में भी मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच गुप्त राजनीतिक समझौता है। भाजपा चाहती है कि ‘आप’ गुजरात में भाजपा-विरोधी वोटों का बंटवारा करे और बदले में पंजाब में उसे सहयोग मिले। वड़िंग ने प्रवर्तन निदेशालय और पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में ‘आप’ नेताओं के प्रति ढिलाई बरती जा रही है, जबकि कांग्रेस नेताओं के मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई थी। उन्होंने पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के मामले का उदाहरण दिया।
गुरप्रीत सिंह सेखों को ‘आप’ में शामिल करने के मामले पर वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोग गैंगस्टरों से छुटकारा चाहते हैं, जबकि सत्ताधारी पार्टी उन्हें राजनीतिक मंच दे रही है। उन्होंने दावा किया कि सेखों को अदालत से सजा हो चुकी है और उच्च न्यायालय द्वारा सजा पर रोक लगाए जाने के कारण वह बाहर है। वड़िंग ने सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर कर्मचारियों के प्रति विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
वड़िंग ने कहा कि वह किसी भी पद पर रहें, कांग्रेस के साथ उनकी निष्ठा बनी रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पार्टी के प्रत्येक उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
प्रदर्शन में सभी 25 जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों सहित राणा के.पी. सिंह, अमित विज, बलबीर सिंह सिद्धू, ब्रह्म मोहिंद्रा, कुलजीत सिंह नागरा, शमशेर सिंह डूलो, गुरजीत औजला, दलवीर गोल्डी, डॉ. राज कुमार वेरका, साधु सिंह धर्मसोत और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

