नितिन नवीन 18 नवंबर को जालंधर से शुरू करेंगे ‘समरसता संकल्प यात्रा’
- श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित होगी ‘समरसता संकल्प यात्रा’
चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालेगी। यह यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होकर 2,558 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 3 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जालंधर-पठानकोट हाईवे पर स्थित गांव रायपुर (डेरा सचखंड बल्लां के निकट) से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समानता, भक्ति, सामाजिक एकता और मानवता के संदेश को देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर 2 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह यात्रा जालंधर से शुरू होकर होशियारपुर, मुकेरियां, पठानकोट, बटाला, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रोपड़ और मोहाली होते हुए चंडीगढ़ में प्रवेश करेगी। यह यात्रा पंजाब में पांच दिनों के दौरान 17 जिलों में लगभग 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 46 शहरों से होकर गुजरेगी। इस दौरान 29 बड़े कार्यक्रम और 27 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी और 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी महाराज के जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
यात्रा के रूट में शामिल राज्यों और शहरों का विवरण साझा करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

