एनसीबी ने हेरोइन तस्कर को किया गिरफ्तार
अमृतसर, 13 जून (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 336 ग्राम हेरोइन और 9.19 लाख रुपए की संदिग्ध ड्रग मनी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिंदरपाल सिंह के रूप में हुई है। उसे जंडियाला गुरु के पास मेहता रोड स्थित अकालगढ़ गांव से गिरफ्तार किया गया। एनसीबी अधिकारियों के अनुसार, बरामद की गई हेरोइन क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाई गई थी, जबकि जब्त की गई नकदी को नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित रकम माना जा रहा है।
एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल एजेंसी मामले की गहन जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान ड्रग नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
----
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

