home page

हाल ही में जेल से छूटे सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल से मिलीं नवजोत कौर सिद्धू

 | 
हाल ही में जेल से छूटे सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल से मिलीं नवजोत कौर सिद्धू


चंडीगढ़, 20 मई (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पूर्व मंत्री पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में जेल से छूटे सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल से मुलाकात करके हरियाणा व पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सतलोक आश्रम संचालक रामपाल 11 साल जेल में रहने के बाद 10 अप्रैल को जमानत पर बाहर आया है।

रामपाल के सोशल मीडिया चैनल ‘स्प्रीचुअल लीडर संत रामपाल जी’ पर इस मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में नवजोत कौर और रामपाल की बीच बातचीत है। कौर अपना परिचय करवाते हुए कहती हैं, मैं डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू पटियाला से आई हूं। मुझे आपसे मिलने जेल आना था, मगर भगवान ने मेरी सुन ली और आपको बाहर बुला दिया। इस पर रामपाल कहता है कि आपकी दुआएं मुझे ले आई। लोगों की सेवा राजनीति से ही नहीं धर्मनीति से भी हो सकती है। बस लोगों को अपनी नीति ठीक करने की जरूरत है।

रामपाल से मुलाकात के दौरान नवजोत कौर से रामपाल से कहा कि मैं आपसे भक्ति लेने आई हूं। रामपाल ने कहा कि भक्ति और सेवा सबसे ऊपर है। नवजोत कौर ने कहा कि, मैं राजनीति से नहीं धर्म से देश की सेवा करना चाहती हूं। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने करीब 3 महीने पहले फतेहगढ़ साहिब स्थित सतलोक आश्रम में गई थी।

पंजाब में इन दिनों स्थानीय निकाय चुनाव चल रहे हैं और अगले कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव हैं। पिछले कुछ समय से रामपाल के अनुयायी पंजाब में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। पंजाब में कई जहग सत्संग हो रही है और कई शहरों में लगातार डेरों की स्थापना की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा