सांसद अमृतपाल सिंह ने फिर मांगी तीन दिन की अंतरिम जमानत, पंजाब सरकार को नोटिस
चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की कानूनी टीम ने रविवार को उनकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार और अन्य अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए नए सिरे से अंतरिम जमानत की याचिका दायर की है। इसके अलावा अमृतपाल के दो रिश्तेदारों के लिए भी राहत की मांग की गई है। इससे पहले जारी अंतरिम जमानत के आदेश 14 नवंबर को निष्प्रभावी हो गए थे। अब पंजाब सरकार का जवाब दाखिल होने के बाद मोहाली अदालत इन याचिकाओं पर अपना फैसला सुनाएगी।
नई याचिका में अमृतपाल सिंह के लिए 21 से 23 नवंबर तक (तीन दिन) की अंतरिम जमानत मांगी गई है। कार्यक्रम के मुताबिक 21 नवंबर को उनकी दादी का अंतिम संस्कार, 22 नवंबर को अस्थियां एकत्रित और 23 नवंबर को भोग समारोह होना है। वकील हरजोत मान ने कहा कि नई याचिकाएं नए आधारों पर दायर की गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार अदालत अमृतपाल सिंह को तीन घंटे के बजाय तीन दिन की अंतरिम जमानत देगी।
नई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को जवाब दाखिल किए जाने की संभावना है, जिसके बाद अदालत इन याचिकाओं पर फैसला करेगी।
अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत मान ने बताया कि 13 नवंबर को सांसद को तीन घंटे की अंतरिम जमानत देने संबंधी आदेश जारी किए गए थे, जो 14 नवंबर को निष्प्रभावी हो गए। इस संबंध में डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन की ओर से ई-मेल भी भेजा गया था। उन्होंने बताया कि पुराने आदेश में अब संशोधन नहीं किया जा सकता था, जिसके चलते कानूनी टीम ने नई याचिकाएं दायर की हैं।
अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह के लिए भी इसी तरह की याचिका दायर की गई है। हरजीत सिंह बठिंडा जेल में बंद हैं। इससे पहले उन्हें 14 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव जल्लूपुर खेड़ा लाया गया था, लेकिन अंतिम संस्कार स्थगित कर दिया गया था।
हरजोत मान ने बताया कि कानूनी टीम ने 13 नवंबर को ही बठिंडा जेल प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से सूचित कर दिया था कि निर्धारित समय पर अंतिम संस्कार नहीं होगा। अब नई याचिका में हरजीत सिंह को 21, 22 और 23 नवंबर को होने वाली अंतिम रस्मों में शामिल होने की अनुमति मांगी गई है।
इसके अलावा अमृतपाल सिंह के चचेरे भाई सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी तीन दिन की पैरोल की मांग करते हुए याचिका दायर की गई है। सुखमनप्रीत सिंह मानसा जेल में बंद हैं। उन्हें भी 21 से 23 नवंबर तक अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की गई है।
----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

