तबीयत बिगड़ने पर मोहनजीत सिंह शेरों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में कराया भर्ती
- एचडीयू में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी, सीटी स्कैन सामान्य, अस्पताल में कड़ी पुलिस सुरक्षा
पटियाला, 06 सितंबर (हि.स.)। संगरूर जिले के शेरों गांव निवासी मोहनजीत सिंह की तबीयत बिगड़ने और बेचैनी की शिकायत के बाद रविवार को जिला प्रशासन ने उन्हें पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया। उन्हें दोपहर करीब 2:30 बजे अस्पताल लाया गया और हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में रखा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं।
राजिंदरा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विशाल चोपड़ा ने बताया कि मोहनजीत सिंह के सीटी स्कैन सामान्य आए हैं। उनके अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
मोहनजीत सिंह को कथित पुलिस प्रताड़ना का मामला सामने आने के बाद से लगातार राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। विपक्षी दलों ने संगरूर पुलिस पर कथित मारपीट के आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक जांच अभी जारी है।
इस बीच, संगरूर और पटियाला पुलिस ने अस्पताल के उस वार्ड के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है, जहां मोहनजीत सिंह भर्ती हैं। अस्पताल परिसर में सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और वार्ड में प्रवेश नियंत्रित रखा गया है।
रविवार को कुछ स्थानीय भाजपा नेता मोहनजीत सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी। इस दौरान एक थाना प्रभारी और भाजपा नेता के बीच बहस भी हुई। बाद में पटियाला के एसपी सिटी मोहित अग्रवाल मौके पर पहुंचे और भाजपा नेता तथा उनके समर्थकों को वार्ड से बाहर ले गए। पुलिस का कहना था कि डॉक्टरों ने फिलहाल किसी को भी मरीज से मिलने की अनुमति नहीं दी है।
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब एक दिन पहले राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव को कथित पुलिस प्रताड़ना के आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। आयोग के निर्देशों के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

