मोहाली में पूर्व विशेष डीजीपी के घर पर गोली लगने से एएसआई की मौत
- पूर्व विशेष डीजीपी अरपित शुक्ला के सेक्टर-80 स्थित आवास पर तैनात था एएसआई ओंकार सिंह
मोहाली, 03 सितंबर (हि.स.)। मोहाली के सेक्टर-80 में पूर्व विशेष डीजीपी अरपित शुक्ला के आवास पर गुरुवार दोपहर गोली लगने से बतौर गनमैन तैनात एएसआई ओंकार सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अरपित शुक्ला हाल ही में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में वे वेव एस्टेट में रह रहे हैं। गोली लगने के बाद एएसआई ओंकार सिंह को तुरंत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में यह मामला पिस्तौल हाथ से गिरने के बाद गोली चलने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सूत्रों ने दावा किया है कि मौके पर छह गोलियां चलने की बात सामने आई है। पुलिस ने अभी घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली किस परिस्थिति में चली और इसमें कितने राउंड फायर हुए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल घटना को लेकर ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया है। मामले की जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

