मोहाली फेज-10 फायरिंग मामले का मुख्य आरोपित मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार
मोहाली, 12 सितंबर (हि.स.)। फेज-10 स्थित प्रमुख शॉपिंग मॉल के सह-मालिक के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को देर रात पीछा करने के बाद काबू कर लिया। शनिवार तड़के सेक्टर-51 में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार मलोया का रहने वाले आरोपित का पुलिस सेक्टर-79 से पीछा कर रही थी। सेक्टर-51 में चंडीगढ़ की सीमा में दाखिल होने पर पुलिस ने उस पर गोली चलाई। गोली उसके कंधे में लगी, लेकिन वह मौके से भागने में कामयाब रहा। पीछा किए जाने के दौरान उसने अपनी एसयूवी गलत दिशा में दौड़ा दी। इस दौरान सेक्टर-51 स्थित पेट्रोल पंप के पास एक वाहन को टक्कर लगने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उस पर मोहाली के एक शॉपिंग मॉल के दोनों सह-मालिकों को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की दो घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। सोमवार को कारोबारी बलजीत सिंह के फेज-10 स्थित घर पर कथित तौर पर रंगदारी के लिए छह गोलियां चलाई गई थीं। इससे तीन दिन पहले कारोबारी के साझेदार को भी गोलीबारी के जरिए धमकाने की घटना सामने आई थी।
अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेगी। पुलिस अब उससे पूछताछ करके दोनों फायरिंग की घटनाओं और रंगदारी के प्रयास से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

