मोहाली के गमाडा ऑफिस में ईडी की छापेमारी, तीन फ्लोर सील
रेमिगेट मामले समेत सीएलयू और निजी बिल्डरों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त, वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ
मोहाली, 22 सितंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने मंगलवार को भारी सीआरपीएफ सुरक्षा के बीच ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के कार्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने रेमिगेट मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ अन्य मामलों का रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिया।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच उन मामलों पर केंद्रित है, जिनमें निजी बिल्डरों को कथित रूप से गलत तरीके से चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू ) की मंजूरी देने, जमीन अधिग्रहण, निजी रियल एस्टेट कंपनियों को कथित लाभ पहुंचाने और संपत्तियों की नीलामी से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप हैं।
कार्रवाई के दौरान गमाडा कार्यालय की कम से कम तीन मंजिलों को सील कर दिया गया। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन भी जांच एजेंसी ने अपने कब्जे में लिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एस्टेट ऑफिसर, एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और चीफ इंजीनियर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को हाउसिंग सेक्रेटरी के कमरे में बुलाकर पूछताछ की गई। ईडी की टीमें कार्यालय में उपलब्ध फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही हैं। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित मामलों में नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं और किसी निजी पक्ष को अनुचित लाभ पहुंचाया गया था या नहीं। मामले में जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जब्त रिकॉर्ड तथा पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

