एमएसपी समेत कई मांगों को लेकर मोहाली में किसानों का 7 दिवसीय धरना शुरू
मोहाली, 01 सितंबर (हि.स.)। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोहाली में सात दिवसीय पक्का मोर्चा शुरू कर दिया है। यह आंदोलन 1 से 7 सितंबर तक चलेगा। किसानों ने मोहाली-चंडीगढ़ को जोड़ने वाली सड़क पर धरना लगाकर केंद्र और पंजाब सरकार के सामने कृषि, आर्थिक तथा पंजाब से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।
इस मोर्चा में 32 किसान संगठन शामिल हैं। किसान संगठनों ने सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि एमएसपी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सी2+50 फार्मूले के तहत तय की जानी चाहिए। किसानों की प्रमुख मांगों में पंजाब के नदी जल से जुड़े पुराने समझौतों को रद्द करना और इस मुद्दे पर पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना शामिल है। इसके अलावा भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड में पंजाब का प्रतिनिधित्व बहाल करने की भी मांग की गई है।
एसकेएम ने किसानों और खेत मजदूरों का पूर्ण कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई है। किसान संगठन अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौतों का भी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सस्ते कृषि आयात से घरेलू किसानों की फसलों के दाम प्रभावित हो सकते हैं। किसान संगठनों ने इलेक्ट्रिसिटी बिल-2025 और सीड बिल-2025 वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही डैम सेफ्टी एक्ट और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट-2024 को वापस लेने की मांग भी की गई है।
एसकेएम ने गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल तय करने तथा निजी चीनी मिलों द्वारा किसानों को भुगतान के लिए सहकारी चीनी मिलों की तर्ज पर एकल काउंटर व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इसके अलावा किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीण कारीगरों के लिए 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग भी आंदोलन के एजेंडे में शामिल है। किसानों के धरने को देखते हुए मोहाली पुलिस ने आईआईएसईआर चौक से बेस्टेक मॉल (फेज-11), जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने वाली सड़क को सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया है। फैयदान बैरियर से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले यातायात को भी डायवर्ट किया गया है।
पुलिस ने चंडीगढ़ जाने वाले लोगों के लिए तीन वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। पहले रूट में आईआईएसईआर चौक से लांडरां रोड, सेक्टर-82/83 रोड और जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने की सलाह दी गई है। दूसरे रूट में आईआईएसईआर चौक से एयरपोर्ट रोड, आईटी सिटी/एरासिटी और जगतपुरा के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचा जा सकता है। वहीं तीसरे रूट में आईआईएसईआर चौक से फेज-9 रोड, सेक्टर-66/68 रोड और जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने का विकल्प दिया गया है।
किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ धरना स्थल पर डेरा डाल दिया है और 7 सितंबर तक मोर्चा जारी रखने का ऐलान किया है। प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक वरिष्ठ किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल की अगुवाई में शुरू हो गई है।
बैठक के दौरान मोर्चे की अगली रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है और आज आगे की रणनीति से जुड़ा फैसला लिया जाएगा। इसके साथ ही मोर्चे के मंच और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की जा रही है। बैठक की शुरुआत देहाती मजदूर सभा के अध्यक्ष गुरनाम सिंह दाऊद के आकस्मिक और दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। किसान नेताओं ने कहा कि उनके निधन से पूरी लोकतांत्रिक लहर को बड़ा नुकसान हुआ है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

