home page

मोगा सदर थाने पर ग्रेनेड हमले में एक और पकड़ा गया, अब तक कुल 18 गिरफ्तारियां

 | 

- पुलिस का दावा- विदेश से संचालित मॉड्यूल की थी फिरोजपुर-जम्मू रूट पर चलती ट्रेन में आईईडी लगाने की साजिश

मोगा, 06 सितंबर (हि.स.)। सदर पुलिस स्टेशन मोगा पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में पुलिस ने एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 18 हो गई है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की सुबह करीब 3:15 बजे सदर मोगा थाने के परिसर में कम तीव्रता वाला ग्रेनेड हमला किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने हमले को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपियों गगन उर्फ काली, राजेश उर्फ खन्ना और शुभम उर्फ भिंडर को गिरफ्तार किया था। तीनों फिरोजपुर जिले से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस पूरे मॉड्यूल को विदेश में बैठे हैंडलर संचालित कर रहे थे। कथित तौर पर ब्रिटेन में रह रहे इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल पर साजिश का मास्टरमाइंड होने और स्थानीय स्तर पर भर्ती व निर्देश देने का आरोप है।

जांच में यह भी सामने आया कि कुलजीत कौर, लज्जर उर्फ अमन और उसकी पत्नी परवीन कौर समेत कई लोगों ने कथित तौर पर मॉड्यूल को आर्थिक मदद, ठिकाने और अन्य लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस ने स्वर्ण, गोबिंद, सागर और जॉन को भी कथित तौर पर मॉड्यूल के सदस्यों को शरण देने और मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। लज्जर उर्फ अमन से पूछताछ के बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर से लैस एक जिंदा आईईडी, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, मैगजीन और हमले में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस का कहना है कि इस आईईडी का इस्तेमाल फिरोजपुर-जम्मू मार्ग पर चलती ट्रेन को निशाना बनाने की कथित साजिश में किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ यूएपीए, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH