पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मोगा हत्याकांड के पीड़ित परिवार से की मुलाकात
मोगा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मोगा में रविवार देर शाम गोलीबारी की घटना में मारे गए दो चचेरे भाइयों के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सोमवार को घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग की है।
घटना शहर के अंगदपुरा इलाके में हुई, जहां दुकान के बाहर बैठे लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस घटना में चचेरे भाइयों गगन जिंदल (35) और साहिल जिंदल (40) की मौत हो गई, जबकि राघव और सोमनाथ जिंदल भी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार देर शाम चार से पांच लोग एक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी मौके पर पहुंची। गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी। उसमें सवार लोगों ने बाहर बैठे लोगों पर गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों और उनकी गाड़ी की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि घायल सोमनाथ जिंदल के बयान के आधार पर सिटी साउथ थाना मोगा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उनके साथ फरीदकोट रेंज की आईजी नीलांबरी जगदले विजय भी मौजूद थीं। मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मृतकों के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग की है। मृतकों के भाई मनीष जिंदल ने कहा कि परिवार की किसी के साथ कोई ज्ञात व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी व्यक्तिगत रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवंबर, 2023 में परिवार के एक अन्य चचेरे भाई विकास जिंदल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पुलिस ने यह भी बताया कि साहिल जिंदल के खिलाफ करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

