home page

लुधियाना में खिलौना पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग

 | 

लुधियाना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जसपाल बांगड़ इलाके में ईस्टमैन चौक के पास स्थित बंसल इंडस्ट्रीज में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में बच्चों के खिलौनों के स्पेयर पार्ट्स बनाए जाते हैं। आग सुबह करीब 8 बजे लगी और देखते ही देखते फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर वाले हिस्से में फैल गई।

फायर स्टेशन अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह है कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के समय फैक्ट्री परिसर में कितने लोग मौजूद थे, इस संबंध में भी अधिकारी जानकारी जुटा रहे हैं।

फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद फैक्ट्री का निरीक्षण कर नुकसान और आग लगने के सही कारण का पता लगाया जाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH