गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर 541 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान जाएगा
अमृतसर, 08 जून (हि.स.)। पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर 541 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जायेगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से भेजे जाने वाले 541 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुआ है। यह जत्था 10 जून को एसजीपीसी कार्यालय से पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।
धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि एसजीपीसी की ओर से कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए थे। इनमें से 541 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है, जबकि 20 श्रद्धालुओं को वीजा नहीं मिल सका।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पाकिस्तान में 18 जून को आयोजित होने वाले धार्मिक समागमों में शामिल होने के लिए यह जत्था 10 जून को एसजीपीसी कार्यालय से अरदास और जयकारों के साथ रवाना होगा। श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेकेंगे और शहीदी पर्व से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने कहा कि जत्था 19 जून को भारत वापस लौटेगा। जिन श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुआ है, वे अपने पासपोर्ट 9 जून को कार्यालय समय के दौरान शिरोमणि कमेटी के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से समय पर पासपोर्ट हासिल करने और यात्रा संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

