home page

मंडी गोबिंदगढ़ में स्क्रैप गोदाम में धमाका से मालिक की मौत, 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

 | 

फतेहगढ़ साहिब, 06 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में गुरुवार रात अमलोह रोड स्थित भल्ला इंजीनियर्स के स्क्रैप गोदाम में पुराने तारकोल से भरे टैंकर को गैस कटर से काटते समय जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में गोदाम के मालिक दलजीत कुमार भल्ला उर्फ डीके भल्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार गोदाम में कबाड़ के रूप में खरीदे गए एक पुराने टैंकर को काटने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि टैंकर के अंदर मौजूद ज्वलनशील गैस के कारण यह विस्फोट हुआ। धमाके के बाद गोदाम में आग फैल गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय गोदाम मालिक डीके भल्ला टैंकर काटने की प्रक्रिया का वीडियो बना रहे थे। अचानक हुए विस्फोट से उनकी जान चली गई। आसपास काम कर रहे मजदूर गर्म तारकोल और आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान बरजेश (32), दशरथ यादव, उनकी पत्नी पूनम देवी और इंदर कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए चंडीगढ़ और पटियाला रेफर कर दिया। इनमें बरजेश की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार हादसे के बाद कुल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल एक मरीज को चंडीगढ़, जबकि महिला समेत तीन अन्य को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेजा गया।

दमकल विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक संबंधित स्क्रैप गोदाम के पास फायर एनओसी उपलब्ध नहीं थी। विभाग की ओर से इस मामले की जांच किए जाने और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई है।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH