मांवां-धीयां सत्कार योजना महिलाओं के साथ धोखा : जयइंदर कौर
कहा- सरकार के आंकड़े झूठे, कई महिलाओं को अभी नहीं मिले दूसरी किश्त के पैसे
चंडीगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जयइंदर कौर ने ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के 73.99 लाख खातों में राशि डालने के दावे पर सवाल उठाते हुए सरकार से योजना के आंकड़े स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मान ने पहले 33 लाख महिलाओं को पहली किश्त देने की बात कही थी और अब 38 लाख महिलाओं को दूसरी किश्त देने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में कुल संख्या 73.99 लाख बताई जा रही है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इन सभी महिलाओं को दोनों किश्तें मिल चुकी हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि जुलाई में पहली किश्त प्राप्त करने वाली कई महिलाओं ने बताया है कि उनके खातों में दूसरी किश्त नहीं पहुंची है। साथ ही कहा कि पंजाब में महिलाओं की संख्या करीब 1.20 करोड़ है।
जयइंदर कौर ने कहा कि योजना फरवरी, 2022 से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य सरकार ने इसे जुलाई से शुरू किया। उनका आरोप है कि इससे लाखों महिलाओं को साढ़े चार साल की राशि से वंचित किया गया। जयइंदर कौर ने पश्चिम बंगाल की ‘अन्नपूर्णा योजना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये प्रतिमाह देने की व्यवस्था की गई और जुलाई में ही 1.30 करोड़ महिलाओं के खातों में राशि पहुंचाई गई।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

