home page

लुधियाना में आईएसआई से जुड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, दुकानदार गिरफ्तार

 | 

लुधियाना, 28 अगस्त (हि.स.)। लुधियाना पुलिस ने कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखने और सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड सीमा पार बैठे लोगों तक पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां क्षेत्र के गांव सर्फ कोट के मूल निवासी रछपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। लुधियाना में उसने फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में एक दुकान किराए पर ले रखी थी। पुलिस को संदेह है कि इसी जगह से कथित जासूसी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उसने दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। पुलिस का आरोप है कि इन कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तान में मौजूद लोगों को दी गई थी।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कैमरों का नियंत्रण किन लोगों के पास था और इनका इस्तेमाल किन संवेदनशील स्थानों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह कथित तौर पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को धमकियां देता था। पुलिस अब इन मोबाइल नंबरों और जासूसी गतिविधियों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार थाना सराभा नगर में ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट की धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि सीसीटीवी कैमरों की पहुंच पाकिस्तान में किन लोगों को दी गई थी। वह किन व्यक्तियों के संपर्क में था और इस पूरे नेटवर्क से क्या संबंध है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH