home page

लुधियाना में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या, 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

- दक्षिण सिटी रोड पर बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग, पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं की कर रही जांच

लुधियाना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के लाडोवाल क्षेत्र में शनिवार शाम मननेवाल गांव के पूर्व सरपंच नवजीत सिंह नीतू (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नीतू अपनी जमीन की ओर जा रहे थे, तभी दक्षिण सिटी रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उन्हें रोककर फायरिंग कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

एसीपी वेस्ट जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि छह अन्य अज्ञात बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान और वारदात के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस को घटनास्थल से करीब चार खाली कारतूस बरामद हुए हैं।

लाडोवाल थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह के अनुसार मृतक के परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में मननेवाल गांव में नीतू और उनके एक साझेदार से जुड़ा जमीन विवाद सामने आया है। जमीन विवाद के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH