home page

जलालाबाद सिटी थाने में कम तीव्रता का धमाका, दो जब्त वाहनों के शीशे टूटे

 | 

- फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने, संभावित ग्रेनेड हमले की चर्चा पर पुलिस ने कहा-पुष्टि के बिना कुछ कहना जल्दबाजी

फाजिल्का, 13 सितंबर (हि.स.)। जलालाबाद शहर के बीचोंबीच स्थित सिटी पुलिस थाने में आधी रात के बाद कम तीव्रता का धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। धमाके से थाना परिसर में खड़ी दो कारों के शीशे टूट गए। ये वाहन अलग-अलग आपराधिक मामलों में जब्त किए गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र को घेर लिया तथा प्रवेश पर रोक लगा दी। जांच के लिए बठिंडा से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सामग्री के नमूने एकत्र किए।

धमाके को लेकर संभावित ग्रेनेड हमले की चर्चाएं भी सामने आईं, लेकिन पुलिस ने अभी ऐसी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। एसपी (डी) सतिंदर कुमार ने कहा कि जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने से पहले धमाके की प्रकृति को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। उन्होंने पुष्टि की कि थाना परिसर में कम तीव्रता का विस्फोट हुआ और वहां खड़े दो वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि धमाका किस सामग्री से हुआ और इसके पीछे किसी व्यक्ति या समूह की भूमिका थी या नहीं।

घटना के समय थाने में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के सवाल पर एसपी ने बताया कि बिजली कटौती के विरोध में शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे प्रदर्शनों के कारण अधिकांश पुलिसकर्मी ड्यूटी पर बाहर तैनात थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अपुष्ट सूचनाओं या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही धमाके के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH