लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज रात से बढ़ी टोल दरें लागू होंगी, स्थानीय निवासियों को मिलेगी रियायत
लुधियाना, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को बुधवार रात से अधिक टोल शुल्क देना होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित यूजर फीस लागू कर दी गई है। नई दरें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की अधिसूचना के अनुसार प्रभावी हुई हैं।
टोल प्लाजा प्रबंधक विपिन राव ने बताया कि संशोधित टोल दरों की नई शुल्क सूची टोल प्लाजा पर प्रदर्शित कर दी गई है। वाहन चालकों को नई दरों की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी श्रेणियों के वाहनों पर टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई है, जबकि पात्र स्थानीय निवासियों को मिलने वाली रियायत पहले की तरह जारी रहेगी। नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और अन्य हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 235 रुपये तथा 24 घंटे के भीतर वापसी यात्रा के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहनों के लिए 50 एकल यात्राओं वाला मासिक पास 7,815 रुपये होगा। वहीं जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहनों को रियायती दर पर 115 रुपये प्रति यात्रा का लाभ मिलता रहेगा।
हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बसों के लिए एक तरफ का टोल 380 रुपये तथा वापसी यात्रा के लिए 570 रुपये तय किया गया है। बसों और दो-एक्सल ट्रकों के लिए क्रमशः 795 रुपये और 1,190 रुपये टोल देना होगा। तीन-एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 865 रुपये तथा वापसी के लिए 1,300 रुपये निर्धारित किया गया है। भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग उपकरण तथा चार से छह एक्सल वाले मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 1,245 रुपये और वापसी के लिए 1,865 रुपये रखा गया है। वहीं सात या उससे अधिक एक्सल वाले वाहनों को एक तरफ की यात्रा के लिए 1,515 रुपये तथा वापसी यात्रा के लिए 2,270 रुपये का भुगतान करना होगा।
टोल प्लाजा प्रबंधन ने बताया कि स्थानीय निवासियों के लिए रियायत जारी रहेगी। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक 360 रुपये में मासिक लोकल पास का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए 3,075 रुपये का वार्षिक पास भी उपलब्ध रहेगा।
टोल प्लाजा के एक अन्य प्रबंधक दीपिंदर पाल ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने फास्टैग खाते में पर्याप्त शेष राशि रखें, ताकि टोल प्लाजा पर बिना किसी बाधा के आवागमन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि नई दरों के सुचारु क्रियान्वयन के लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

